एएचटी/एसजेपीयू की मासिक समन्वय गोष्ठी एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित, बाल एवं महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

महराजगंज जनपद में आज दिनांक 21.09.2026 को समय 11:00 बजे रिजर्व पुलिस लाइन महराजगंज स्थित सभागार में पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ (नोडल अधिकारी) के पर्यवेक्षण में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना (एएचटी)/एसजेपीयू की मासिक समन्वय गोष्ठी एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्राधिकारी फरेंदा सुश्री दीपशिखा वर्मा, एएचटी/एसजेपीयू के अधिकारी-कर्मचारी तथा जनपद के समस्त थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

गोष्ठी में पॉक्सो एक्ट, किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम-2015, महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन उ0प्र0 लखनऊ द्वारा जारी एसओपी तथा बाल एवं महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न प्रावधानों एवं उच्चाधिकारियों द्वारा समय-समय पर दिए गए निर्देशों की समीक्षा की गई।

बैठक में गुमशुदा बालक-बालिकाओं की बरामदगी, विशेष रेस्क्यू अभियान, बालश्रम एवं भिक्षावृत्ति की रोकथाम, मानव तस्करी एवं अनैतिक देह व्यापार की रोकथाम, पीड़िताओं के चिकित्सीय परीक्षण, धारा 183 बीएनएस के अंतर्गत बयान, सीडब्ल्यूसी के समक्ष बच्चों की प्रस्तुति, पॉक्सो प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई तथा किशोर न्याय अधिनियम के निर्धारित प्रारूपों के अनुपालन के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों को निर्देशित किया गया कि बरामद/रेस्क्यू किए गए बच्चों की शत-प्रतिशत सूचना एवं रिपोर्टिंग सीडब्ल्यूसी के समक्ष सुनिश्चित की जाए तथा प्रकरणों में नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाए। पीड़िता के चिकित्सीय परीक्षण, पॉक्सो सपोर्ट पर्सन को सूचना, विधि-विरुद्ध बालकों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई तथा अनुसंधान एवं अभियोजन के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बाल कल्याण पुलिस अधिकारी के कर्तव्यों, सीडब्ल्यूसी के निर्देशों के अनुपालन, बाल किशोर न्यायालय से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया तथा संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के साथ समन्वय के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त 1098, 1090, 181, 108, 102, 1076, 101, 112 एवं 1930 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए थानों एवं संबंधित क्षेत्रों में इनके व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु निर्देशित किया गया।

बैठक में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना महराजगंज, जनपद के समस्त थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी, सशस्त्र सीमा बल 22वीं वाहिनी के अधिकारी, अभियोजन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, शिक्षा विभाग, किशोर न्याय बोर्ड, चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर यूनिट-प्रथम एवं वन स्टॉप सेंटर यूनिट-द्वितीय नौतनवा तथा स्वयंसेवी संस्थाओं पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति, मानव सेवा संस्थान, शुभ अवसर, मदद फाउंडेशन, ग्राम नियोजन केंद्र एवं सर्वहितकारी सेवा संस्थान के प्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *