शारदीय नवरात्रि, दुर्गापूजा एवं विजयदशमी (दशहरा) पर्व-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु व्यापक सुरक्षा प्रबंध

 


उत्तर प्रदेश शासन के मंशानुरूप एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के कुशल निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में, जनपद महराजगंज में शारदीय नवरात्रि, दुर्गापूजा और विजयदशमी (दशहरा) पर्व-2026 को अत्यंत शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस प्रशासन द्वारा पुख्ता और चाक-चौबंद सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।

भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे होने तथा संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाला क्षेत्र होने के नाते जनपद की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और सतर्क है। त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं
जनपद के सभी थानों के अंतर्गत आने वाले मिश्रित आबादी तथा संवेदनशील/अतिसंवेदनशील गांवों व चौराहों को चिह्नित कर लगातार प्रभावी पुलिस पेट्रोलिंग की जा रही है।
जनपद में स्थापित होने वाली कुल 1,747 दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना, दर्शन-पूजन, विसर्जन जुलूस, रावण व मेघनाथ दहन, भरत मिलाप और मेलों के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विशेष संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए थाना कोतवाली, श्यामदेउरवा, भिटौली, सिन्दुरिया, निचलौल, कोठीभार और कोल्हुई के लिए 01 निरीक्षक, 26 उपनिरीक्षक, 110 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 31 महिला आरक्षी तथा 01 पीएसी कंपनी अतिरिक्त रूप से उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा थानों स्तर पर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

जिला प्रशासन के समन्वय से जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति की गई है, जो पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
सोशल मीडिया सेल द्वारा फेसबुक, एक्स (ट्विटर), व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम जैसे सभी प्रमुख प्लेटफॉर्म्स पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी या अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध त्वरित और कठोर विधिक कार्रवाई की जा सके। त्योहारी आयोजनों व मेलों के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए ‘मिशन शक्ति फेज-6.0’ के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा निर्देशित किया गया है कि प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष यह सुनिश्चित करेंगे कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दिन प्रत्येक प्रतिमा के साथ पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाई जाए। यह बल प्रतिमा के उठने से लेकर पूरे मार्ग और विसर्जन स्थल तक शांतिपूर्ण विसर्जन संपन्न कराने के लिए उत्तरदायी होगा। क्षेत्राधिकारी अपने क्षेत्रों में प्रत्येक प्रतिमा के साथ पुलिस बल की तैनाती की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करेंगे और उसे सुनिश्चित कराएंगे।

सभी थानाध्यक्ष विसर्जन मार्ग का पहले से पैदल चलकर निरीक्षण करेंगे और मार्ग में आने वाली सभी बाधाओं को दूर कर सुरक्षात्मक उपाय समय से पूरे कराएंगे।
सभी क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्ष अपने-अपने सरकारी वाहनों में पर्याप्त मात्रा में सुरक्षा उपकरण— जैसे हेलमेट, डंडा, बॉडी प्रोटेक्टर, शीनगार्ड, एल्बोगार्ड, केनशील्ड, ड्रैगन लाइट, रस्सा, एंटी राइट गन, गैस गन और बुलेट प्रूफ जैकेट आदि अनिवार्य रूप से रखेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

महराजगंज पुलिस प्रशासन समस्त जनपदवासियों से अपील करता है कि वे आपसी भाईचारे, आपसी सौहार्द और पारंपरिक उल्लास के साथ पर्व मनाएं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, लावारिस वस्तु या अफवाह की सूचना तुरंत अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन या आपातकालीन सेवा 112 को दें। महराजगंज पुलिस आपकी सुरक्षा और सेवा के लिए सदैव तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *