ट्यूबल पाइप खराब होने से धान की रोपाई ठप, किसानों का प्रदर्शन

 

 

पिपरौली/गोरखपुर। पिपरौली ब्लॉक के अमटौरा गांव में सरकारी तंत्र की लापरवाही के कारण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव में स्थित ट्यूबल संख्या-2NGG का मुख्य पाइप पिछले डेढ़ महीने से खराब पड़ा है। किसानों द्वारा बार-बार शिकायत किए जाने के बाद भी जब अधिकारियों ने सुध नहीं ली, तो थक-हारकर मंगलवार शाम करीब 4 बजे दर्जनों की संख्या में किसानों ने ट्यूबल पर पहुंचकर उग्र प्रदर्शन किया और अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे किसान संजय सिंह ने बताया कि ट्यूबल से निकलने वाला मुख्य पाइप पिछले 45 दिनों से करीब 20 फीट टूटा पड़ा है। इस संबंध में कई बार संबंधित अवर अभियंता और सहायक अभियंता को सूचना दी गई। लेकिन अधिकारियों ने जिम्मेदारी लेने के बजाय बेहद गैर-जिम्मेदाराना जवाब दिया। संजय सिंह के अनुसार अधिकारियों ने कहा कि विभाग आकर पाइप ले जाइए और खुद लगवा लीजिए, विभाग के पास पाइप लगवाने का समय नहीं है। इस संवेदनहीन जवाब से आहत होकर उन्होंने बीते 26 जून को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई है। गांव के अन्य किसान जय सिंह ने बताया कि क्षेत्र में धान की रोपाई का काम शुरू हो चुका है जिसके लिए पानी की सख्त जरूरत है। बार-बार समस्या से अवगत कराने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं, जिससे किसानों की फसल और मेहनत दांव पर लग गई है।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ट्यूबल को ठीक कर जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे उच्चाधिकारियों के दफ्तर का घेराव करने को बाध्य होंगे।
इस विरोध प्रदर्शन में रमेश, जोखी, प्रमोद सिंह, संगम निषाद
राहुल निषाद, विवेक निषाद, धनंजय निषाद, गोपाल कुमार
शांति देवी, ऊषा देवी, उर्मिला, इसरावती, सावित्री देवी और मनोरमा देवी सहित बड़ी संख्या में महिला व पुरुष किसान मौजूद रहे।
इस संबंध में नलकूप विभाग के अधिशासी अभियंता विनोद थापा ने कहा कि यह मामला अभी मेरे संज्ञान में आया है। जल्द ही संबंधित ठेकेदार को निर्देशित कर ट्यूबल और पाइप को ठीक करा दिया जाएगा ताकि किसानों को पानी मिल सके।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *