मतगणना के दिन सुबह 7:30 बजे खुलेगा स्ट्रांग रूम, आठ बजे शुरू होगी गिनती
मतगणना प्रशिक्षण से 11 कार्मिक नदारद, नोटिस जारी कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने प्रत्याशियों और मतगणना कार्मिकों को दिए निर्देश
गोरखपुर।गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में मतदान से लेकर मतगणना तक की प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रिटर्निंग ऑफिसर एवं मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने बुधवार को आयुक्त सभागार में प्रत्याशियों के साथ बैठक कर मतदान और मतगणना से संबंधित दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित पेन से ही मतांकन करें। निर्धारित पेन के अलावा किसी अन्य पेन का इस्तेमाल करने पर मतपत्र अवैध माना जाएगा। मतपत्र पर वरीयता केवल अंकों में दर्ज करनी होगी। शब्दों में वरीयता लिखने या अतिरिक्त चिह्न बनाने से मतपत्र अवैध हो सकता है। मंडलायुक्त ने प्रत्याशियों से मतदाताओं को सही मतांकन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने की अपील की, ताकि किसी की गलती से मतपत्र निरस्त होने की स्थिति न आए।
मंडलायुक्त ने मतगणना की तैयारियों के संबंध में बताया कि मतगणना के दिन स्ट्रांग रूम सुबह ठीक 7:30 बजे खोला जाएगा, जबकि मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। उन्होंने प्रत्याशियों और संबंधित लोगों को समय से मतगणना केंद्र पहुंचने तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा। मतदान एवं मतगणना केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, स्वापक और अन्य मादक पदार्थों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने सभी प्रत्याशियों और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े लोगों से नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने में सहयोग करने की अपेक्षा की।
इसके बाद मंडलायुक्त ने गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 की मतगणना के लिए एनेक्सी भवन में आयोजित मतगणना कार्मिकों के दूसरे प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने कार्मिकों को शिक्षक निर्वाचन में मतों की गणना की बारीकियों से अवगत कराते हुए पूरी शुचिता, गंभीरता और पारदर्शिता के साथ मतगणना संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना एक संवेदनशील प्रक्रिया है, इसलिए प्रत्येक कार्मिक अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से समझे और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 176 मतगणना कार्मिकों को शामिल होना था, लेकिन इनमें से 165 कार्मिक ही उपस्थित हुए। टेबुलेशन अधिकारी, सहायक, गणना सुपरवाइजर और सहायक सहित कुल 11 कार्मिक अनुपस्थित पाए गए। मंडलायुक्त ने अनुपस्थित कार्मिकों को नोटिस जारी कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अनुपस्थित कार्मिकों में दिनेश कुमार ओझा, लेखाकार, कोषागार गोरखपुर; अनिल कुमार त्रिपाठी, राज्य कर अधिकारी गोरखपुर; चंद्रशेखर, अमीन, तहसील चौरीचौरा; धर्मेश, सहायक अभियंता, जीडीए गोरखपुर; अरुण प्रकाश सिंह, राजस्व निरीक्षक, तहसील सदर; कुमार शैलेन्द्र, सहायक चकबंदी अधिकारी, खजनी; उपेंद्र कुमार, लेखपाल, तहसील सदर; महेंद्र पांडेय, अमीन, तहसील सदर; विजय राय, लेखपाल, तहसील सदर; कालिका प्रसाद, अवर अभियंता, सिंचाई खंड गोरखपुर और लव कुमार सिंह, लेखपाल, तहसील सदर शामिल हैं।
मंडलायुक्त ने प्रशिक्षण में मौजूद कार्मिकों को मतपत्रों की वैधता, वरीयता के आधार पर मतों की गणना और गणना संबंधी प्रक्रियाओं का सावधानीपूर्वक पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रत्येक चरण में पारदर्शिता और निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य है। किसी भी स्तर पर लापरवाही से बचते हुए सभी कार्मिक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
बैठक और प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं अपर आयुक्त (प्रशासन) अजय कुमार राय, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक मनोज कुमार गुप्ता, जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह, सहायक निदेशक बचत बृजेश यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Yogendra Pandey is a dedicated journalist and the key author at Crime News National, a platform committed to delivering accurate, timely, and unbiased crime-related news from across India. With a strong passion for investigative reporting, he focuses on presenting facts responsibly and raising awareness about issues that impact public safety and justice.
Over the years, Yogendra has built a reputation for his clear reporting style, ethical journalism, and commitment to truth. His work highlights real incidents, law-and-order developments, and important updates involving crime, policing, and public awareness.
At Crime News National, he aims to provide readers with trustworthy information supported by verified sources, ensuring transparency and credibility in every story he reports.
Yogendra believes that informed citizens build a safer society, and through his writing, he strives to bring awareness, promote justice, and give a voice to real issues from the ground.
