पंचायत कार्यकाल विस्तार को लेकर प्रधानों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

 

 

महराजगंज जनपद के विकास खंड परतावल के ग्राम प्रधानों ने पंचायतों के कार्यकाल विस्तार की मांग को लेकर पहल तेज कर दी है। ग्राम प्रधान संगठन उत्तर प्रदेश के जिला अध्यक्ष एजाज खान व जिला उपाध्यक्ष सचिन सिंह के नेतृत्व में प्रधानों के प्रतिनिधिमंडल ने पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांग रखी।
ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश की त्रिस्तरीय पंचायतों का कार्यकाल 26 मई 2026 को समाप्त हो रहा है। वर्तमान परिस्थितियों और प्रक्रियाओं को देखते हुए समय से पंचायत चुनाव कराना संभव नहीं दिख रहा है। ऐसे में यदि निर्वाचित पंचायतों को भंग कर प्रशासक नियुक्त किए जाते हैं, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ होगा।
प्रधानों ने अपने ज्ञापन में पूर्व के अनुभवों का हवाला देते हुए कहा कि प्रशासकों के कार्यकाल में पारदर्शिता की कमी, जवाबदेही का अभाव और विकास कार्यों में बाधाएं देखने को मिली थीं। इसके विपरीत, ग्राम प्रधान एवं पंचायत प्रतिनिधि जनता द्वारा चुने गए होते हैं, जो स्थानीय समस्याओं और जरूरतों को बेहतर समझते हैं और उसी के अनुसार कार्य करते हैं।
प्रधानों ने यह भी उल्लेख किया कि अन्य राज्यों में भी ऐसी परिस्थितियों में निर्वाचित प्रतिनिधियों का कार्यकाल बढ़ाकर लोकतांत्रिक निरंतरता बनाए रखी गई है। अंत में सभी प्रधानों ने विधायक के माध्यम से प्रदेश सरकार से कार्यकाल विस्तार पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।
इस दौरान प्रधान लालजी चौधरी ,सुनील कुमार, जुबैर, मनोज कुमार,जमीरुल्लाह,दीनानाथ, बलवंत विश्कर्मा,शहंशाह,अमित सिंह, रामचंद्र, श्याम पाण्डेय, सुधाकर, समेत दर्जनों प्रधान मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *