UPSSSC PET-2026: परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का सघन निरीक्षणजिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परखी सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था

 

सीसीटीवी निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन परीक्षा संचालन के लिए प्रशासन सतर्क

 

महराजगंज जनपद मे उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संचालन के दृष्टिगत आज जिलाधिकारी महराजगंज गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के क्रम में जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज, महराजगंज, जी.एस.वी.एस. इंटर कॉलेज, महराजगंज तथा राजकीय कन्या इंटरमीडिएट कॉलेज, महराजगंज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा प्रबंधों एवं परीक्षा संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की जांच कर निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं तलाशी की प्रक्रिया तथा परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी का निर्वहन करने, परीक्षा की शुचिता बनाए रखने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अनियमितता की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

जनपद महराजगंज में PET-2026 परीक्षा के निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा समन्वित रूप से आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *