नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने अधिकारियों संग की पहली बैठक

 

कलेक्ट्रेट सभागार में तय की प्राथमिकताएं, योजनाओं की प्रभावी डिलीवरी पर जोर

महराजगंज। नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रशासनिक प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जिनसे जिलाधिकारी ने विभागवार कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से धरातल पर उतारना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की डिलीवरी में गुणवत्ता और गति दोनों सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को उसका सीधा लाभ मिल सके।
उन्होंने विशेष रूप से राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण, जनसुनवाई को प्रभावी बनाने और शिकायतों के समाधान में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि फरियादियों को संतुष्ट करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने स्वच्छता, जल संरक्षण, नगर विकास और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लक्ष्य निर्धारित कर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण को गंभीरता से लेने और इसमें जनसहभागिता बढ़ाने पर बल दिया। साथ ही जल संचय को जन आंदोलन का रूप देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने स्मार्ट मीटर, स्वगणना और अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी निर्देश दिए और कहा कि इन योजनाओं को लेकर आमजन में जागरूकता बढ़ाई जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी विभाग में लापरवाही या भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने और जनहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी के सख्त और स्पष्ट निर्देशों से यह संकेत मिला कि जनपद में प्रशासनिक कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी तथा पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य सुनिश्चित किया जाएगा।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *