38 लाख की सड़क में खेल! कब्रिस्तान मार्ग निर्माण में धांधली का आरोप, डीएम से जांच की मांग


महराजगंज जनपद के नगर पंचायत चौक के वार्ड नंबर-1 में नहर से कब्रिस्तान तक बन रही सीसी सड़क निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। करीब 38.09 लाख रुपये की लागत से बन रही इस सड़क को लेकर क्षेत्र में भारी नाराजगी व्याप्त है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य में खुलेआम मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सड़क निर्माण में घटिया ईंट, साधारण बालू और मिट्टी की भराई का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि बिना मजबूत नींव डाले ही सीसी सड़क बनाई जा रही है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से ही गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे थे, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं। आरोप है कि जब स्थानीय नागरिकों ने घटिया निर्माण का विरोध किया तो ठेकेदार द्वारा जल्दबाजी में प्लास्टर और नहला कर सड़क की खामियों को छिपाने का प्रयास किया गया। इससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। क्षेत्रवासियों ने बताया कि मामले की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से मौखिक रूप से, मोबाइल फोन और समाचार पत्रों के जरिए की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते जांच नहीं हुई तो लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क जल्द ही टूटकर बदहाली में बदल जाएगी। लोगों ने इसे सरकारी धन की खुली लूट बताते हुए दोषी अधिकारी और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं में सद्दाम हुसैन, अकबर अली, नूर मोहम्मद, अहमद रजा, अनिल, रामदवन आदि सभी ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *