पानी की टंकी से कूदने जा रही युवती को महिला दरोगा ने बचाया, साहसिक कार्य के लिए सम्मानित

 

गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र के महादेव झारखंडी कॉलोनी में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक लड़की पानी की टंकी पर चढ़ गई और नीचे कूदने की बात कहते हुए पाइप पकड़कर लटक गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लड़की को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, महिला उपनिरीक्षक जागृति खरवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन लड़की बार-बार नीचे कूदने की बात कह रही थी। इसी दौरान उसने पानी की टंकी के पाइप को पकड़कर नीचे लटकने का प्रयास किया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महिला उपनिरीक्षक जागृति खरवार ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए लड़की के समीप पहुंचकर उसका हाथ पकड़ लिया। इसके बाद मौजूद पुलिसकर्मियों की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पुलिस की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
महिला उपनिरीक्षक के इस साहसिक एवं सराहनीय कार्य को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एवं पुलिस अधीक्षक नगर ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने उनके साहस, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *