दिनेश सिंह राठौर के स्वागत में भाजपा का हुआ शक्ति प्रदर्शन

रायबरेली। भारतीय जनता पार्टी अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद रविवार को अपने गृह जनपद पहुंचे दिनेश सिंह राठौर के स्वागत ने जिले की सियासत में संगठन की ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया। शहर कोतवाली क्षेत्र के त्रिपुला चौराहे समेत विभिन्न स्थानों पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम में जुटी भीड़ और नेताओं की मौजूदगी ने साफ कर दिया कि नई जिम्मेदारी के साथ राठौर के राजनीतिक कद को लेकर संगठन में उत्साह है।

रविवार शाम करीब छह बजे त्रिपुला चौराहे पर पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित क्षेत्रीय उपाध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत किया। सलोन विधायक अशोक कोरी, भाजपा नेता मनीष सिंह और भाजपा जिला प्रतिनिधि राज नारायण मौर्य समेत अन्य नेताओं ने उन्हें 21 किलो की विशाल माला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान राधा-कृष्ण की तस्वीर भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।

स्वागत समारोह महज औपचारिकता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे संगठनात्मक एकजुटता और राजनीतिक ताकत के प्रदर्शन के रूप में पेश किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी के बीच नारेबाजी और स्वागत का सिलसिला चलता रहा। गृह जनपद में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।

कार्यक्रम में इंजीनियर विजय रस्तोगी समेत भाजपा के कई नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं की मौजूदगी और कार्यकर्ताओं की भीड़ के बीच हुए इस स्वागत कार्यक्रम ने जिले में भाजपा के भीतर नई संगठनात्मक सक्रियता के संकेत भी दिए।

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद राठौर का यह पहला गृह जनपद आगमन था। ऐसे में स्वागत के बहाने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के साथ संगठन की एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की। 21 किलो की माला से सम्मान और उमड़े कार्यकर्ताओं के हुजूम ने कार्यक्रम को सामान्य स्वागत के बजाय राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *