जनपद महराजगंज में बुजुर्गों की सुरक्षा और सुलभ सहायता हेतु विशेष कम्यूनिटी पुलिसिंग अभियान शुरू; थानों में बनेगा “वरिष्ठ नागरिक रजिस्टर”, सीधे संवाद करेंगे सी पी यु

सीपीयू (CPU) प्रभारी। अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन, मुथा अशोक जैन के विशेष निर्देशानुसार, संपूर्ण गोरखपुर जोन के समस्त जनपदों में वरिष्ठ नागरिकों (बुजुर्गों) की सुरक्षा, सहायता तथा उनसे बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से एक व्यापक कम्यूनिटी पुलिसिंग पहल का शुभारंभ किया गया है। वर्तमान सामाजिक परिदृश्य और बुजुर्गों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जोन के प्रत्येक थाने पर नवगठित *कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट (CPU)* द्वारा 13 जून 2026 (दिन शनिवार) से इस विशेष अभियान को व्यक्तिगत रुचि लेकर धरातल पर उतारना प्रारंभ कर दिया गया है।

उक्त कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद महराजगंज में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (IPS) के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में जनपद के समस्त थानों पर कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट (CPU) द्वारा अभियान संचालित किया जा रहा है। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सहायता एवं उनसे सतत संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से सभी थाना क्षेत्रों में आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।

इस महत्वपूर्ण अभियान के सुचारू संचालन और इसकी सघन मॉनिटरिंग के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की गई है। इस पहल के अंतर्गत निम्नलिखित मुख्य कार्यवाहियां सुनिश्चित की जा रही हैं:

70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों की सूची और सीधा संवाद जोन के प्रत्येक थाना क्षेत्र के अंतर्गत निवास करने वाले 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों की एक विस्तृत सूची तैयार की जा रही है। कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट (CPU) की टीमें इन बुजुर्गों से क्रमवार व्यक्तिगत रूप से संपर्क स्थापित कर उनसे सीधा संवाद कर रही हैं, ताकि समाज में वे स्वयं को सुरक्षित और सम्मानित महसूस कर सकें।

आपातकालीन सहायता हेतु सीधे संपर्क की सुविधा संवाद के दौरान CPU टीमों द्वारा सभी बुजुर्गों को संबंधित कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट (CPU) के प्रभारी का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति, आकस्मिक आवश्यकता या आपातकाल के समय वरिष्ठ नागरिक सीधे पुलिस से संपर्क स्थापित कर त्वरित सहायता प्राप्त कर सकें।

वरिष्ठ नागरिक रजिस्टर” का गठन जोन के समस्त थानों पर अनिवार्य रूप से एक विशेष ‘वरिष्ठ नागरिक रजिस्टर’ तैयार कराया जा रहा है। इस रजिस्टर में संपर्क किए गए बुजुर्गों का पूरा विवरण जैसे—नाम, लिंग, उम्र, पता, मोबाइल नंबर, संपर्क की तिथि, और संपर्क करने वाले CPU कर्मी का नाम व मोबाइल नंबर अंकित किया जाएगा। इसके साथ ही, संवाद के दौरान बुजुर्गों द्वारा साझा की गई किसी भी समस्या और उस पर की गई त्वरित कार्यवाही का स्पष्ट लेखा-जोखा भी इस रजिस्टर में अद्यावधिक (Update) रखा जाएगा।

उच्चाधिकारियों द्वारा सघन निरीक्षण थानों में बनाए जा रहे इस वरिष्ठ नागरिक रजिस्टर की समय-समय पर थाना प्रभारियों सहित जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा समीक्षा एवं औचक निरीक्षण किया जाएगा, जिससे कि इस व्यवस्था की पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनी रहे।

यह विशेष अभियान आगामी एक माह तक (दिनांक 13 जून 2026 से 11 जुलाई 2026 तक) निरंतर चलाया जाएगा। कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट द्वारा कम्यूनिटी पुलिसिंग से संबंधित यह महत्वपूर्ण कार्य सप्ताह में कम से कम 3 दिन (प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार) अनिवार्य रूप से संपादित किया जाएगा।
महराजगंज पुलिस इस अभियान के माध्यम से समाज के प्रबुद्ध एवं वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित, भयमुक्त और सहयोगात्मक वातावरण प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

जनपद पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ सकारात्मक संबंध स्थापित कर विश्वास एवं सहयोग का ऐसा वातावरण तैयार करना है, जिसमें पुलिस और जनता मिलकर सुरक्षित, जागरूक, संवेदनशील एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बन सकें।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *