राज्यपाल ने इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी की खोली पोल, हॉस्टल में शराब-सिगरेट से लेकर पैसों के लेन-देन तक पर उठाए गंभीर सवाल

 

 

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर स्थित मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) के दीक्षांत समारोह में उस समय सभी हैरान रह गए, जब विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंच से ही विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने जन भवन की टीम की निरीक्षण रिपोर्ट का हवाला देते हुए हॉस्टलों में शराब की बोतलें और सिगरेट के पैकेट मिलने, छात्रों में नशे की प्रवृत्ति, सफाई व्यवस्था की बदहाली, अभिभावकों के बैठने की व्यवस्था न होने और पैसों के लेन-देन जैसे गंभीर मुद्दों का सार्वजनिक रूप से उल्लेख किया।

राज्यपाल ने कहा कि निरीक्षण के दौरान हॉस्टलों में शराब की बोतलें और सिगरेट के पैकेट मिले हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि हॉस्टल में शराब और सिगरेट पहुंच रही है तो यह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ हॉस्टलों में कुत्ते घूमते मिले, जबकि छात्र वहीं रह रहे हैं। ऐसी स्थिति किसी भी तकनीकी विश्वविद्यालय के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने बताया कि छात्रावासों में सफाई व्यवस्था भी बेहद खराब है। कस्तूरबा हॉस्टल के ए और बी ब्लॉक में वर्षों से गंदगी की स्थिति बनी हुई है। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि छात्रों से मिलने आने वाले अभिभावकों के बैठने की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है और उन्हें सड़क किनारे खड़े होकर अपने बच्चों से मिलना पड़ता है।

राज्यपाल ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर अप्रत्यक्ष रूप से भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने मंच से कहा कि हर जगह “लेन-देन” की चर्चा होती है और यदि ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं तो यह बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और जवाबदेही तय करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिया कि जन भवन की टीम की रिपोर्ट के आधार पर तीन महीने के भीतर सभी कमियों को दूर किया जाए और हर स्तर पर सुधार सुनिश्चित किया जाए।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद की प्रतिष्ठित सरकारी इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी की स्थिति पर जब स्वयं राज्यपाल को सार्वजनिक मंच से इतनी गंभीर टिप्पणियां करनी पड़ें, तो यह विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है। हॉस्टलों में नशे का सामान मिलना, मूलभूत सुविधाओं का अभाव और वित्तीय अनियमितताओं के संकेत उच्च शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चेतावनी माने जा रहे हैं।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *