अमेरिका-चीन युद्ध की स्थिति में परमाणु हथियारों का हो सकता है इस्तेमाल”

उप सम्पादक जीत बहादुर चौधरी की रिपोर्ट
28/05/2026

काठमाण्डौ,नेपाल – एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय रक्षा अनुसंधान संगठन ने चेतावनी दी है कि ताइवान को लेकर अमेरिका और चीन के बीच युद्ध परमाणु विनाश का रूप ले सकता है।

लंदन स्थित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्ट्रैटजिक स्टडीज (आईआईएसएस) द्वारा गुरुवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों देशों की सेनाएं एक-दूसरे के मुख्य कमांड और संचार केंद्रों को निशाना बनाएंगी और इससे परमाणु युद्ध हो सकता है।

यह रिपोर्ट एशिया के सबसे बड़े वार्षिक रक्षा सम्मेलन ‘शांगरी-ला डायलॉग’ की पूर्व संध्या पर जारी की गई, जो इसी सप्ताह सिंगापुर में शुरू होने वाला है।

रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया इस वक्त परमाणु हथियारों की नई होड़ में है और एशिया-प्रशांत क्षेत्र इसके केंद्र में है।

अमेरिकी अधिकारी कहते रहे हैं कि चीन अन्य परमाणु शक्तियों की तुलना में अपनी परमाणु हथियार क्षमता का तेजी से विस्तार कर रहा है।

अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन की रिपोर्ट के मुताबिक, अनुमान है कि 2030 तक चीन के पास 1000 परमाणु हथियार (वॉरहेड्स) होंगे।

वर्तमान में, संयुक्त राज्य अमेरिका के पास 3,700 और रूस के पास 4,400 सक्रिय परमाणु हथियार हैं, जबकि चीन के पास 620 हैं।

आईआईएसएस के वरिष्ठ फेलो डेनियल सैलिसबरी के मुताबिक, शीत युद्ध के दौरान अमेरिका और सोवियत संघ के बीच हथियार नियंत्रण को लेकर लंबी बातचीत हुई थी, लेकिन मौजूदा हालात में अमेरिका और चीन के बीच ऐसी कोई ठोस बातचीत नहीं हुई है।

इस महीने की शुरुआत में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बीजिंग में शिखर वार्ता हुई थी. हालाँकि, रिपोर्ट में परमाणु सुरक्षा का कोई जिक्र नहीं है।

इस रिपोर्ट पर चीन ने असंतोष जताया है. चीनी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता जियांग बिन ने टिप्पणी की है कि आईआईएसएस रिपोर्ट वास्तविक स्थिति से अलग है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ताइवान का मुद्दा चीन का आंतरिक मामला है और इसमें कोई बाहरी हस्तक्षेप स्वीकार्य नहीं है।

वहीं, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने ताइवान को लेकर अमेरिका से बेहद सावधानी से कदम उठाने को कहा है। अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ 29 से 31 मई तक सिंगापुर में रक्षा सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। चीनी रक्षा मंत्री डोंग जून की भागीदारी की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *