आंधी में भरभराकर गिरीं दो स्कूलों की चारदीवारी, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

घघसरा/गोरखपुर। पाली क्षेत्र के दो सरकारी स्कूलों की चारदीवारी सोमवार को आई तेज आंधी पानी में भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि स्कूल बंद होने से कोई हताहत नहीं हुआ, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों में शिक्षा और विकास विभाग के प्रति भारी रोष है।जानकारी के अनुसार कंपोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय ईटार की चारदीवारी वर्ष 2020-21 में बनाई गई थी, जबकि प्राथमिक विद्यालय बंगलाखोर की बाउंड्री वर्ष 2015-16 में बनी थी। सोमवार को आई आंधी के झोंके सह न सकीं और दोनों दीवारें भरभरा कर गिर पड़ीं। ग्रामीण राजेंद्र, त्रियुगी, सुरेंद्र, रंगनाथ पांडेय और अरविंद ने निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल होने का आरोप लगाते हुए जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।मामले पर खंड शिक्षा अधिकारी कुंवर विक्रम पांडेय ने बताया कि बाउंड्री गिरने की सूचना मिली है। इसका निर्माण ब्लॉक स्तर पर हुआ था, जानकारी वहीं से मिलेगी। वहीं खंड विकास अधिकारी बृजेश यादव ने कहा कि बंगलाखोर विद्यालय की दीवार में हवा निकलने की जगह नहीं थी, जिससे आंधी का दबाव बढ़ा और दीवार गिर गई। ईटार की चारदीवारी गिरने का कारण पता कराया जा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि महज कुछ साल पहले बनी दीवारों का यूं गिरना निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने उच्चस्तरीय जांच कराकर लापरवाह ठेकेदार और अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई अप्रिय घटना न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *