एसडीएम और तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर परखी अवैध खनन की हकीकत

 

साक्ष्य मिलते ही खनन माफियाओं पर होगी कड़ी कार्रवाई

सहजनवा/गोरखपुर। सुरगहना सिवान में सड़क एवं पुल निर्माण के नाम पर चल रहे कथित अवैध खनन की शिकायत आखिरकार प्रशासन के दरवाजे तक पहुंच गई। किसानों की शिकायत और ग्राम प्रधान द्वारा जिलाधिकारी से की गई मांग के बाद तहसील प्रशासन हरकत में आया और बुधवार को उपजिलाधिकारी केशरी नंदन तिवारी तथा तहसीलदार राकेश कन्नौजिया ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की पड़ताल की।
किसानों ने अधिकारियों को बताया कि निर्माण कार्य में मिट्टी की आपूर्ति के लिए बिना आवश्यक अनुमति के उनके खेतों से बड़े पैमाने पर मिट्टी की खुदाई की गई है। आरोप है कि कई एकड़ भूमि को लगभग सात फीट तक खोद डाला गया, जिससे खेतों की संरचना प्रभावित हो गई है और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों और किसानों से विस्तार से जानकारी ली। किसानों का कहना था कि खेतों से निकाली गई मिट्टी को सड़क निर्माण कार्य में प्रयोग किया जा रहा है। वहीं मौके पर मौजूद सेतु निगम के कर्मचारी से जब खनन संबंधी अभिलेख और रॉयल्टी के बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि अभी रॉयल्टी नहीं बनी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम केशरी नंदन तिवारी ने किसानों से कहा कि अवैध खनन में शामिल लोगों के विरुद्ध साक्ष्य सहित शिकायत दर्ज कराएं, ताकि दोषियों पर प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा सके
तहसीलदार राकेश कन्नौजिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मामले की गहन जांच कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में जो भी व्यक्ति या संस्था अवैध खनन में संलिप्त पाई जाएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *