मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित, डीएम गौरव सोगरवाल व एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने दिए आवश्यक निर्देश

 

श्यामदेउरवा/महराजगंज।
आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को थाना श्यामदेउरवा परिसर में शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरव सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने की।
बैठक में दोनों समुदायों के संभ्रांत नागरिकों, ताजियादारों, ग्राम प्रधानों, पूर्व प्रधानों, बीडीसी सदस्यों, मंदिरों के पुजारियों तथा मस्जिदों के मौलवियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी गौरव सोगरवाल ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। सभी लोग प्रशासन का सहयोग करते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखें।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि वर्तमान समय कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का है। एआई के माध्यम से तैयार की गई भ्रामक फोटो, वीडियो या अन्य किसी प्रकार की अफवाह यदि सोशल मीडिया पर प्रसारित होती है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने ताजियादारों को निर्देश देते हुए कहा कि ताजिया की ऊंचाई 10 से 12 फीट से अधिक न रखी जाए। उन्होंने कहा कि ताजिया एवं उससे संबंधित कार्यक्रम पूर्व निर्धारित एवं पारंपरिक स्थलों पर ही आयोजित किए जाएंगे। किसी भी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के कोई संदेश, फोटो या वीडियो अग्रेषित न किया जाए। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी तथा इसकी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि जुलूस एवं भीड़भाड़ के दौरान कोई भी व्यक्ति शराब का सेवन कर शामिल न हो। साथ ही भीड़ वाले क्षेत्रों में तेज गति से मोटरसाइकिल या अन्य वाहन न चलाएं। मार्गों पर आवागमन बाधित न हो, इसके लिए रास्ता खाली रखने एवं प्रशासन का सहयोग करने का भी अनुरोध किया।
बैठक में मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूसों के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर बिजली विभाग के एसडीओ मयंक अग्रवाल, विकास खंड अधिकारी, भिटौली थाना प्रभारी निरीक्षक, थाना क्षेत्र के सभी चौकी प्रभारी, हल्का उपनिरीक्षक, बीट पुलिस अधिकारी, भूतपूर्व सांसद प्रतिनिधि काशीनाथ सिंह सहित दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा उपस्थित लोगों ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के साथ मनाने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *