विश्वशांति निकेतन डिग्री कॉलेज परिसर में युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप


श्यामदेउरवा/महराजगंज।
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र स्थित विश्वशांति निकेतन डिग्री कॉलेज परिसर में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कुशीनगर जनपद के रामकोला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुसमा बिरौली, रगड़गंज निवासी 23 वर्षीय अजय यादव के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

 

 


जानकारी के अनुसार, अजय यादव करीब छह माह पहले महराजगंज आया था और विश्वशांति निकेतन डिग्री कॉलेज परिसर में हेल्थ केयर प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत था। वह जेआईटीएम (JITM) संस्था का कर्मचारी था। संस्था के माध्यम से निजी क्षेत्र के हेल्थ केयर प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत लगभग 20 छात्र-छात्राओं को 30 दिनों का प्रशिक्षण देता था। उसका अंतिम प्रशिक्षण बैच 27 जून को पूरा हुआ था। प्रशिक्षण कार्य के संचालन के लिए उसने अपना स्टाफ भी रखा हुआ था।
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने कॉलेज प्रशासन पर हत्या कराने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
वहीं, विश्वशांति निकेतन डिग्री कॉलेज के प्रबंधक ने बताया कि अजय यादव को कॉलेज परिसर में प्रशिक्षण केंद्र संचालित करने के लिए स्थान सुमित कुमार राय के अनुरोध पर उपलब्ध कराया गया था। उनका कहना है कि कॉलेज केवल प्रशिक्षण संचालन के लिए स्थान उपलब्ध कराता था।
सुमित कुमार राय ने बताया कि अजय यादव जेआईटीएम संस्था का कर्मचारी था और निजी क्षेत्र के हेल्थ केयर प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को प्रशिक्षण देता था।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंकुर गौतम ने बताया कि फोरेंसिक टीम की जांच और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *