नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट अलीजा परवीन अंसारी का परतावल में हुआ भव्य सम्मान

प्रदीप उपाध्याय की रिपोर्ट

महराजगंज जनपद के नगर पंचायत परतावल में गोवा में आयोजित राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित नगर पंचायत परतावल की होनहार बेटी अलीजा परवीन अंसारी का शुक्रवार को नगर पंचायत कार्यालय में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों ने अलीजा का माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं मेडल भेंट कर सम्मानित किया तथा उसकी उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य काशीनाथ सिंह तथा वर्तमान सभासद एवं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने अलीजा को सम्मानित करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारों के बीच प्रतिभाशाली बेटी का उत्साहवर्धन किया।
काशीनाथ सिंह ने कहा कि अलीजा ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर न केवल परतावल और महराजगंज, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी देश के लिए स्वर्णिम सफलता हासिल करेगी।
सतीश मद्धेशिया ने कहा कि नगर पंचायत की यह बेटी क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान करना समाज का दायित्व है, ताकि अन्य बच्चे भी खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हों।
समारोह में उपस्थित लोगों ने अलीजा परवीन अंसारी एवं उनके परिवार को बधाई देते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का गौरव बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और गौरव से भरपूर रहा।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *