श्यामदेउरवा चौराहे से 200 मीटर दूर हुआ हादसा, मौके पर जुटी सैकड़ों लोगों की भीड़; पुलिस ने संभाला मोर्चा

एन एच -730 पर तेज रफ्तार का कहर: इनोवा ने बलेनो को मारी जोरदार टक्कर, बाल-बाल बचे चालक

महराजगंज। राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर श्यामदेउरवा चौराहे से लगभग 200 मीटर दूर परतावल रोड पर मंगलवार को दो कारों की आमने-सामने की टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति का जायजा लिया और भीड़ को हटाकर यातायात सुचारु कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसहिया बुजुर्ग टोला उर्दहनी निवासी मनोज शुक्ला अपनी बलेनो कार से श्यामदेउरवा से परतावल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोहम्मदपुर मार्ग के कट से श्यामदेउरवा चौराहे की ओर मुड़ते समय परतावल से गोरखपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार इनोवा कार ने उनकी बलेनो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में बलेनो चालक मनोज शुक्ला को मामूली चोटें आईं, जबकि इनोवा चालक सुरक्षित बच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
श्यामदेउरवा थाने के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए यातायात को सामान्य कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कट पर आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने यहां प्रभावी यातायात प्रबंधन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *