खजनी में नलकूप न चलाने के विवाद में ऑपरेटर से मारपीट, कर्मचारियों में आक्रोश

कार्रवाई नहीं हुई तो डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन की चेतावनी

खजनी/गोरखपुर। हरनहीं महुरांव स्थित 265-बीजी नलकूप को न चलाने के विवाद में नलकूप ऑपरेटर राजकुमार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट में ऑपरेटर घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही सिंचाई विभाग के दर्जनों कर्मचारी हरनहीं चौकी पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि कुछ लोगों ने खेतों की सिंचाई के लिए नलकूप चलाने को कहा था। ऑपरेटर ने बारिश होने के कारण खेतों में पर्याप्त नमी होने की बात कहते हुए नलकूप अगले दिन चलाने की बात कही। आरोप है कि इसी बात को लेकर कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और उसके साथ मारपीट की गई।
घटना के विरोध में सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई में लापरवाही बरती गई तो सभी नलकूप चालक जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे।
हरनहीं चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि मारपीट की घटना हुई है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है और मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *