स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई, विधायक ने किया पौधरोपण

कौड़ीराम/गोरखपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में शनिवार को बीआरसी कौड़ीराम परिसर में स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बांसगांव विधायक डॉ. विमलेश पासवान ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन कराने और शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
रैली के उपरांत आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. विमलेश पासवान ने कहा कि प्रदेश सरकार कायाकल्प योजना के माध्यम से परिषदीय विद्यालयों को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने शत-प्रतिशत नामांकन पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। यदि एक भी बच्चा नामांकन से वंचित रह जाता है तो सरकार का संकल्प अधूरा रह जाएगा।

खंड शिक्षा अधिकारी जय प्रकाश मौर्य ने ब्लॉक के विद्यालयों की भौतिक एवं शैक्षिक प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कैचअप योजना की जानकारी देते हुए सभी शिक्षकों से शत-प्रतिशत शैक्षिक परिणाम सुनिश्चित करने की अपील की। धुरियापार चीनी मिल के उपसभापति गुलाब रध्वज सिंह उर्फ महंत सिंह ने भी अभियान की सफलता के लिए सभी से सहयोग का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में विधायक सहित सभी अतिथियों ने बीआरसी परिसर में पौधरोपण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *