अस्पताल से 25 केवी का जेनरेटर चोरी करने वाला , मैनेजर जनरेटर के साथ हुआ गिरफ्तार

 

गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र में अस्पताल से चोरी हुए 25 केवी के जेनरेटर को पुलिस ने बरामद करते हुए अस्पताल के मैनेजर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर काफी ऋण था और उसने जेनरेटर चोरी कर उसे बेचकर आर्थिक लाभ कमाने की योजना बनाई थी। आरोपी ने क्रेन और डीसीएम की मदद से जेनरेटर को अस्पताल परिसर से बाहर निकलवाकर सिक्टौर क्षेत्र में चिड़ियाघर के पास छिपा दिया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य विवेचनात्मक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की भूमिका का खुलासा करते हुए चोरी का जेनरेटर बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार 14/15 सितंबर की रात चन्द्रा हॉस्पिटल परिसर में रखा 25 केवी क्षमता का जेनसेट चोरी हो गया था। अस्पताल प्रबंधन की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर चिलुआताल थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान अस्पताल के मैनेजर राजेंद्र कुमार उपाध्याय उर्फ राज की भूमिका संदिग्ध मिली। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की।

विवेचना में सामने आया कि राजेंद्र उपाध्याय पर काफी ऋण था। आरोप है कि इसी आर्थिक दबाव के चलते उसने अस्पताल में रखे 25 केवी के जेनरेटर को चोरी कर बेचने की योजना बनाई। इसके लिए उसने जेनरेटर को अस्पताल से बाहर निकालने के लिए क्रेन और डीसीएम वाहन की व्यवस्था की। इसके बाद 14/15 सितंबर की रात क्रेन की सहायता से जेनरेटर को अस्पताल परिसर से बाहर निकलवाया गया और डीसीएम के जरिए सिक्टौर क्षेत्र में चिड़ियाघर के पास ले जाकर छिपा दिया गया।

पुलिस की लगातार जांच और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से आरोपी की भूमिका स्पष्ट होने के बाद टीम ने सिक्टौर क्षेत्र में चिड़ियाघर के पास दबिश दी। वहां से चोरी किया गया जैक्शन कंपनी का 25 केवी जेनसेट बरामद कर लिया गया। इसके बाद आरोपी राजेंद्र कुमार उपाध्याय उर्फ राज को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 306 और 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

गिरफ्तार आरोपी राजेंद्र कुमार उपाध्याय पुत्र कवल कुमार उपाध्याय, निवासी वसुधा थाना गीडा, जनपद गोरखपुर है। उसके खिलाफ थाना चिलुआताल में मु0अ0सं0 729/26 के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने उसके कब्जे से जैक्शन कंपनी का एक अदद 25 केवी जेनसेट बरामद किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *