खजनी थाने में पुलिस निगरानी के दौरान तबीयत बिगड़ने वाले युवक की मौत

 

मिर्गी का दौरा पड़ने से गिरकर सिर में लगी थी चोट, मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान तोड़ा दम

पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी में पैनल से कराया गया, मामले में विभागीय कार्रवाई शुरू

गोरखपुर। खजनी थाना क्षेत्र के रुद्रपुर निवासी अर्जुन यादव की बुधवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। अर्जुन को 14 सितंबर को साइकिल चोरी के आरोप से जुड़े विवाद के मामले में खजनी पुलिस ने निरुद्ध कर न्यायालय में पेश किया था। पुलिस के अनुसार, थाना कार्यालय के सामने न्यायालय ले जाने की तैयारी के दौरान अचानक उसे मिर्गी का दौरा पड़ा और वह गिर गया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद होने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस के मुताबिक अर्जुन यादव पुत्र स्वर्गीय सतई निवासी ग्राम रुद्रपुर थाना खजनी के खिलाफ साइकिल चोरी के आरोप से जुड़े विवाद के संबंध में कार्रवाई करते हुए उसे धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत चालान किया गया था। न्यायालय ले जाने से पहले वह थाना कार्यालय के सामने उठकर शरीर को सीधा कर रहा था। इसी दौरान महिला आरक्षी की निगरानी ड्यूटी के बीच अचानक उसे मिर्गी का दौरा पड़ा और वह जमीन पर गिर गया। गिरने से उसके सिर में चोट आई। मौके पर अर्जुन की बहन और संतरी ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षी के मौजूद होने की बात भी पुलिस ने बताई है।
घटना के बाद अर्जुन को चिकित्सकीय उपचार के लिए सीएचसी हरनही भेजा गया, जहां उसका दवा-इलाज कराया गया। उपचार के बाद उसकी स्थिति ठीक होने पर न्यायालय में पेश करने से पहले मेडिकल परीक्षण कराने को कहा गया, लेकिन पुलिस के अनुसार अर्जुन ने मेडिकल परीक्षण कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां न्यायालय ने उसे जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया। जमानत मिलने के बाद अर्जुन अपने घर चला गया।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर की रात करीब दो बजे अर्जुन की दोबारा तबीयत बिगड़ गई और उसे मिर्गी का दौरा पड़ा। परिजनों ने उसे उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था। बुधवार 16 सितंबर को इलाज के दौरान अर्जुन यादव की मौत हो गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी के बीच पैनल से कराया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण के संबंध में पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के अधीन विभागीय कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विभागीय जांच के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *