सीएचसी परतावल में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिली नई रफ्तार, 12 लाख की मशीन से शुरू हुई अल्ट्रासाउंड जांच

विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने किया उद्घाटन, पहले दिन ही मरीज की हुई जांच; गर्भवती महिलाओं को मिलेगी बड़ी राहत।

परतावल/महराजगंज।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में शनिवार, 24 अक्टूबर को नई पहल हुई। करीब 12 लाख रुपये की लागत से स्थापित अल्ट्रासाउंड मशीन का पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने उद्घाटन किया। इसके साथ ही केंद्र पर अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा शुरू हो गई। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. दिवाकर राय की तैनाती के बाद पहले ही दिन ऊषा नाम की मरीज की जांच भी की गई। अब तक सीएचसी परतावल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। जांच की जरूरत पड़ने पर मरीजों को जिला अस्पताल या निजी जांच केंद्रों का रुख करना पड़ता था। इससे उन्हें अतिरिक्त समय और पैसे खर्च करने पड़ते थे। खासकर गर्भवती महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को परेशानी उठानी पड़ती थी। नई सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर जांच कराने का अवसर मिलेगा। अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा शुरू होने से गर्भवती महिलाओं को प्रसव पूर्व जांच के लिए दूर-दराज के अस्पतालों तक जाने की मजबूरी कम होगी। सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच उपलब्ध होने से मरीजों के समय और खर्च में बचत की उम्मीद है। साथ ही जांच रिपोर्ट के आधार पर चिकित्सकों को आगे के उपचार की दिशा तय करने में भी मदद मिलेगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० सुरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया था कि सीएचसी परतावल में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित कर दी गई है और रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती भी हो गई है। शनिवार से जांच शुरू करने की तैयारी थी। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और जांच के लिए दूसरे अस्पतालों पर निर्भरता कम करना है। सीएचसी परतावल में अल्ट्रासाउंड जांच शुरू होना क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि, मरीजों को इसका पूरा लाभ तभी मिलेगा, जब जांच सुविधा नियमित रूप से संचालित हो और जरूरतमंदों को समय पर जांच उपलब्ध हो सके। अब क्षेत्रवासियों की उम्मीद है कि नई सुविधा से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा बढ़ेगा और स्थानीय मरीजों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।

इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया, ब्लाक प्रमुख आनन्द शंकर वर्मा, मण्डल अध्यक्ष विवेक पटेल, वरिष्ठ नेता अंगद गुप्ता, अधीक्षक डॉ० अमित कुमार, डा० अनील जायसवाल, डा० प्रमोद यादव, डॉ० दुर्गेश सिंह, फार्मासिस्ट शशिबिन्द मिश्रा, सीबी आर्या, वरिष्ठ नेता छविनाथ मद्धेशिया, अशोक चौधरी, कमालुद्दीन खान, कन्हैया लाल साहनी समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *