मानसिक मंदित आश्रय गृह के बच्चों संग पुलिस ने मनाई दीपावली, बांटे फल-मिठाई और मोमबत्तियां

 

 

 

गोरखपुर जनपद मे दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और जरूरतमंदों के जीवन में रोशनी लाने का संदेश देता है। इसी भावना के साथ शनिवार को राजघाट थाना पुलिस ने राजकीय मानसिक मंदित आश्रय गृह, नार्मल में पहुंचकर वहां रह रहे बच्चों के बीच दीपावली की खुशियां साझा कीं। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को फल, मिष्ठान और मोमबत्तियां वितरित कर उनके साथ त्योहार मनाया और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी एवं थानाध्यक्ष राजघाट गौरव ने आश्रय गृह पहुंचकर बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों के बीच फल और मिठाइयां बांटीं तथा दीपावली के अवसर पर मोमबत्तियां भेंट कीं। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों के साथ कुछ समय बिताकर उन्हें अपनत्व का एहसास कराया और उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया।

इस पहल के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की वास्तविक खुशी दूसरों के साथ खुशियां बांटने में है। समाज के ऐसे वर्गों के बीच पहुंचकर पर्व मनाना सामाजिक संवेदनशीलता और मानवीय सरोकारों को मजबूत करता है। पुलिस की इस पहल से आश्रय गृह का माहौल भी उत्सवी हो गया।

राजघाट पुलिस की इस पहल को मानवीय संवेदना और सामाजिक सहभागिता की दिशा में सराहनीय कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *