रास्ता भटकी मासूम को 10 मिनट में मां से मिलाया, कैंपियरगंज पुलिस की तत्परता आई काम

गोरखपुर जनपद मे कैंपियरगंज थाना क्षेत्र में रास्ता भटककर अपने परिजनों से बिछड़ी एक मासूम बच्ची को पुलिस ने महज 10 मिनट के भीतर सकुशल उसकी मां से मिला दिया। पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से बच्ची को जल्द ही अपनी मां का साथ मिल गया। बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।

घटना शनिवार की है। थाना कैंपियरगंज क्षेत्र में एक मासूम बच्ची रास्ता भटक गई थी। इसी दौरान कस्बा इंचार्ज उपनिरीक्षक आशीष चौधरी की नजर बच्ची पर पड़ी। उन्होंने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल पुलिस टीम के साथ बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू की। पुलिसकर्मियों ने आवश्यक जानकारी जुटाकर परिजनों से संपर्क स्थापित किया और महज 10 मिनट के अंदर बच्ची को सकुशल उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।

बच्ची को सुरक्षित पाकर मां की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की परिजनों ने सराहना की। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत पुलिस की यह कार्रवाई सामने आई है।

पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश धुनावत के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कैंपियरगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाई। बच्ची को सकुशल परिजनों से मिलाने वाली टीम में उपनिरीक्षक आशीष चौधरी, कांस्टेबल अभिषेक वर्मा, महिला आरक्षी करीना और महिला आरक्षी प्रतिभा शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *