राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर जिला कारागार गोरखपुर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 16 यूनिट रक्त संग्रहित

गोरखपुर। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर जिला कारागार गोरखपुर में वृहद स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। मानवता और सामाजिक सेवा को समर्पित इस शिविर का आयोजन जेल अधीक्षक श्री दिलीप कुमार पाण्डेय की पहल एवं निर्देशन में किया गया। शिविर में कारागार अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 16 यूनिट रक्तदान किया।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि जेल अधीक्षक की धर्मपत्नी श्रीमती गायत्री पाण्डेय ने स्वयं रक्तदान कर सभी के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। वहीं उप कारापाल श्री विजय कुमार ने भी रक्तदान कर कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया। इसके बाद कारागार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। रक्तदाताओं में अध्यापक राजीव चौरसिया, जेल वार्डर संदीप यादव, अमन सिंह, नबाब सिंह, रवीन्द्र शर्मा, विजय बहादुर यादव, धर्मराज, राजीव रंजन और निजामुद्दीन शाह सहित अन्य कार्मिक शामिल रहे।
शिविर में जवाहर चंद्रावती सेवा ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ. अनुराधा मौर्या (शालिनी मौर्या) एवं संचालन मंत्री धीरज सिंह ने भी रक्तदान कर समाज सेवा का संदेश दिया। रक्त संग्रहण एवं चिकित्सकीय व्यवस्थाएं नेता जी सुभाष चन्द्र बोस जिला चिकित्सालय, गोरखपुर की विशेषज्ञ टीम द्वारा की गई। सुबह 10 बजे से शुरू हुए शिविर में सुरक्षा एवं स्वच्छता के सभी मानकों का पालन करते हुए सफलतापूर्वक रक्त संग्रह किया गया।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। चिकित्सक दिवस पर इस प्रकार का सेवा कार्य मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी का श्रेष्ठ उदाहरण है।”
रक्तदान के उपरांत सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। नेता जी सुभाष चन्द्र बोस जिला चिकित्सालय के प्रभारी राजकीय ब्लड बैंक एवं मुख्य चिकित्साधिकारी ने भी जिला कारागार प्रशासन की इस पहल की सराहना की।
इस दौरान जेलर अरुण कुमार कुशवाहा, नरेश कुमार, उप जेलर विजय कुमार, आदित्य कुमार, कृष्णा कुमारी, अमिता श्रीवास्तव सहित अन्य कारागार अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *