तीन साल से बंद सार्वजनिक शौचालय, खजनी कस्बे में महिलाओं-यात्रियों की बढ़ी परेशानी

खजनी/गोरखपुर। खजनी कस्बे में सिकरीगंज मार्ग पर थाना परिसर के पीछे स्थित सार्वजनिक शौचालय पिछले लगभग तीन वर्षों से बंद पड़ा है। इसके कारण प्रतिदिन खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों, यात्रियों तथा स्थानीय व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। शौचालय बंद होने से लोगों को मजबूरी में इधर-उधर स्थान तलाशना पड़ता है, जिससे स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय स्टेशनरी व्यवसायी शेषमणि पांडेय ने बताया कि सार्वजनिक शौचालय बंद होने से सबसे अधिक परेशानी महिलाओं और किराये की दुकानों में व्यापार करने वाले दुकानदारों को होती है। उन्होंने कहा कि कई लोग मजबूरी में सड़क किनारे या किसी वाहन की आड़ लेकर लघुशंका करने को विवश हो जाते हैं।
व्यापारी अनिल कुमार पाठक, हनुमान पांडेय, रवि पांडेय, श्यामजी जायसवाल, मंजूर अली, खुर्शीद, शमशाद, कोकई शुक्ला, रवी वर्मा, राजू वर्मा, अंबे पांडेय और मनोज सहित अन्य लोगों ने बताया कि पहले शौचालय के संचालन के लिए एक कर्मचारी तैनात था, लेकिन उसके चले जाने के बाद से यह पूरी तरह बंद हो गया। कस्बे में वैकल्पिक सार्वजनिक शौचालय न होने से लोगों की परेशानी लगातार बनी हुई है।
खुटभार ग्राम प्रधान अर्जुन जायसवाल ने भी इसे कस्बे की गंभीर जनसमस्या बताते हुए संबंधित विभाग से शीघ्र समाधान की मांग की है।
जानकारी के अनुसार इस सार्वजनिक शौचालय का निर्माण वर्ष 2006 में पूर्वांचल विकास निधि से कराया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान में इसके संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी किसी विभाग या संस्था द्वारा स्पष्ट रूप से नहीं ली जा रही है, जिसके कारण यह वर्षों से बंद पड़ा है। लोगों ने प्रशासन से शौचालय को जल्द चालू कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *